नवादा: बिहार के नवादा सदर अस्पताल से शुक्रवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। अस्पताल परिसर स्थित दवा स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्टोर में रखी लाखों रुपये की जीवन रक्षक दवाएं, सलाइन की बोतलें और अन्य जरूरी मेडिकल सामान जलकर खाक हो गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मरीजों और परिजनों में मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि दवा स्टोर रूम सिविल सर्जन कार्यालय के पीछे स्थित है। देर रात जब स्टोर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं तो पास के सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजनों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाकर अस्पताल कर्मियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्टोर में रखा काफी सामान जल चुका था। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के मुख्य वार्डों तक नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
लाखों की दवाएं और सलाइन का नुकसान
स्टोर रूम में जिले भर के लिए रखी गई कई महत्वपूर्ण जीवन रक्षक दवाएं, सलाइन की बोतलें और सर्जिकल सामग्री मौजूद थीं, जो आग की भेंट चढ़ गईं। इससे अस्पताल को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
अस्पताल के डीएस डॉ. एस.डी. अरियर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ